पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का कहर

दिल्ली ही नहीं पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। पहाड़ों पर जो बर्फबारी हुई उसके कारण मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और जगह-जगह लोगों को कोहरे का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 84 से ज्यादा विमान देरी से उड़े। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है. समूचा उत्तर भारत शीतलहर और कोहरे की चपेट में है। राजधानी दिल्ली के साथ ही जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, बिहार और झारखंड में जबरदस्त ठंड पड़ रही है। 

सबसे पहले बात जम्मू कश्मीर की करें तो राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सर्दी का सितम जारी है । हालांकि सोमवार की रात तापमान में थोडा इजाफा हुआ और तापमान  शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।  इसकी वजह से डल झील और रिहायशी इलाकों में जल आपूर्ति के पाइपों में पानी जम गया।

काजीगुंड में सोमवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में सोमवार रात का तापमान शून्य से 7.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा तथा गुलमर्ग में यह शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और पास के करगिल में यह शून्य से 14.2  डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। बात हिमाचल प्रदेश की करें तो केलांग में तापमान शून्य से नीचे माइनस 9.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं मशहूर पर्यटक स्थल मनाली में तापमान शून्य से नीचे माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली में मंगलवार की सुबह सर्द रही और आकाश पर कोहरे की चादर भी छाई रही जिससे दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई। कम दृश्यता की वजह से यहां दिल्ली हवाईअड्डे पर उड़ान परिचालन बाधित रहा और सुबह के समय विमानों का प्रस्थान दो घंटे के लिए बंद कर दिया गया। दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम है।

बात पंजाब और हरियाणा की करें तो वहां शीतलहर का प्रकोप सोमवार को भी जारी रहा। पंजाब के अमृतसर और आदमपुर में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के पठानकोट में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 2.8 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 3.8 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 4.5 डिग्री सेल्सियस और हलवाड़ा में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में नारनौल 2.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।  

वहीं उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है । कई जगहों पर  ठंड का बीस वर्षों का रिकार्ड टूट रहा है। मुजफ्फरनगर जिले में पारा 1.6 डिग्री तक आ गया। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर और कोहरे का ये कहर अगले 3 से 5 दिनों तक जारी रह सकता है। ऐसे में उत्तर भारत के लोगों को नए साल का स्वागत कड़कड़ाती सर्दी में ही करने के लिए तैयार रहना होगा।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्‍थान और यूपी में कआ स्थापों पर काफी घना कोहरा भी छा रहा है जिससे यातायात और सामान्‍य जनजीवन पर असर पड़ रहा है। 
 



from DDNews Feeds http://bit.ly/2EL4Gpq

Comments

Popular posts from this blog

खेलो इंडिया युवा खेल का तीसरा चरण अगले साल गुवाहाटी में

IPL 2019: मुंबई से आज भिड़ेगी कोलकाता

Raj Rajeshwar Yoga: क्या आपकी कुंडली में है राज राजेश्वर योग?